डीएम ने किया लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर का निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौते पर जताई सख्ती
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 02 Feb, 2026
- 108
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को तहसील निचलौल क्षेत्र में निर्माणाधीन लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेस्क्यू सेंटर में प्रस्तावित विभिन्न संरचनाओं का अवलोकन करते हुए निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की गहन समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने वन्यजीव अस्पताल, क्वारेंटाइन सेल, नाइट सेल, रेस्क्यू सेल सहित अन्य निर्माणाधीन इकाइयों को देखा। उन्होंने डीएफओ को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न किया जाए। साथ ही निर्माण में उपयोग की जा रही ईंटों, सरियों व अन्य सामग्रियों की नियमित गुणवत्ता जांच सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि कार्य मानकों के अनुरूप और टिकाऊ हो।
इस दौरान डीएफओ ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर की मूल डीपीआर में सेंटर तक संपर्क मार्ग और विद्युत संयोजन का प्रावधान शामिल नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को शीघ्र अनुपूरक मांग प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए, जिससे भविष्य में संचालन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर जनपद में तेंदुओं के संरक्षण और उनके सुरक्षित पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे न केवल वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने में भी मदद मिलेगी, जिससे आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर परियोजना की कुल लागत लगभग 14 करोड़ रुपये है। इसके अंतर्गत वन्यजीव अस्पताल, क्वारेंटाइन सेल, नाइट सेल, रेस्क्यू सेल, वन्यजीव बाड़ा सहित अन्य आवश्यक संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान डीएफओ निरंजन सुर्वे, एसडीएम सदर सिद्धार्थ गुप्ता, रेंजर मधवलिया अजीत भास्कर सहित वन विभाग और प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

